हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने सरकारी आवास ओकओवर में सोलन जिले के विधायकों के साथ बैठक की। इस बैठक में जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बैठक के दौरान विधायकों से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चल रही परियोजनाओं की जानकारी और फीडबैक लिया गया।
मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि सभी विकास परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा किया जाना चाहिए और जनप्रतिनिधियों को इसके लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने नई परियोजनाओं में नवाचार और हरित विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।
राज्य सरकार की योजनाएं और ग्रामीण विकास
सीएम सुक्खू ने बताया कि राज्य सरकार जनकल्याण और समग्र विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को लागू कर रही है। उन्होंने विधायकों से आग्रह किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि अधिकतम लोग इन योजनाओं से लाभान्वित हों।
राज्य सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न पहल की हैं, जिसमें नई योजनाओं और कार्यक्रमों को लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को इन योजनाओं के प्रति जागरूक करना आवश्यक है, ताकि वे इसका पूरा लाभ उठा सकें। सोलन जिला राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और सरकार इसके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में कौन-कौन हुआ शामिल?
इस बैठक में विधायक राम कुमार चौधरी, संजय अवस्थी, विनोद सुल्तानपुरी और हरदीप सिंह बावा मौजूद रहे।
सोलन-परवाणू हाईवे और अन्य बुनियादी ढांचा मुद्दे
मुख्यमंत्री ने इससे पहले मीडिया से बातचीत में सोलन-परवाणू हाईवे की खराब स्थिति पर चिंता जताई थी। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से इस मुद्दे पर चर्चा की और हाईवे को री-डिजाइन और री-अलाइन करने का अनुरोध किया।
सीएम सुखू ने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश में एक भी अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा नहीं है और इसके निर्माण की पूरी लागत केंद्र सरकार को उठानी चाहिए। इसके अतिरिक्त, भानुपल्ली-बेरी और चंडीगढ़-बद्दी रेलवे लाइनों के निर्माण के लिए केंद्र से पूरी धनराशि देने की मांग की गई है।
प्रशासनिक सुधार और जन-हितैषी शासन
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सरकार प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल और जन-हितैषी शासन सुनिश्चित करने के लिए लगातार सुधार कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
राज्य सरकार विकास कार्यों में तेजी लाने और जनता के जीवन स्तर को सुधारने के लिए नए कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार राज्य के हर कोने में संतुलित और समावेशी विकास सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रही है।